दिबियापुर (औरैया)। गेस्ट हाउसों में होने वाले शादी विवाह कार्यक्रमों में होने वाली भीड़ एवं होने वाली हर्ष फायरिंग रोकने के लिए थाना पुलिस ने नोटिस भेजे हैं। इसके लिए गेस्ट हाउस संचालकों की जिम्मेदारी तय की गई है।
थाना दिबियापुर पुलिस ने गेस्ट हाउस संचालकों को भेजे नोटिस में बताया कि कोविड-19 संक्रमण अपने चरम सीमा पर है। ऐसा देखने में आ रहा है कि विवाह घरों में जनाती बाराती अत्यधिक संख्या में पहुंच रहे हैं। इससे संक्रमण बढने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। अत्यधिक आवाज में डीजे बजाया जा रहा और हर्ष फायरिंग भी हो रही है।
यह माननीय न्यायालय व शासन-प्रशासन के आदेशों के प्रतिकूल है। निर्देश दिए कि माननीय न्यायालय के आदेश के अनुरूप ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग किया जाए। इसके साथ ही अत्यधिक जनाती बारातियों का गेस्ट हाउस में आना जाना न हो। सेनिटाइजर, सोशल डिस्टेसिंग, मास्क आदि का पूर्ण रूपेण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही गेस्ट हाउस में आने वाले लोगों के वाहनों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल का कहना है कि संक्रमण फैलने के अंदेशे के बीच एहतियातन नोटिस भेजे गए हैं।