औरैया। नए एआरटीओ ने दलालों पर अंकुश लगाना शुरू कर दिया है। कार्यालय में दलालों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। अब दलाल अपना काम कराने के लिए पटल पर खुद या अपने किसी आदमी को लाइन में लगाकर काम कराने का जुगाड़ सेट कर रहे हैं।
परिवहन कार्यालय में किसी को भी काम कराने के लिए दलालों का सहारा लेना पड़ रहा था। लेकिन एआरटीओ ने चार्ज संभालने के एक महीने के अंदर ही दलालों पर नकेल कसनी शुरू कर दी है। दलाल कार्यालय के बाहर दुकान लगाकर बैठे रहते हैं।
यहां आने वाले लोगों से काम कराने के एवज में सुविधा शुल्क लेकर काम करवाते हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि लोगों को दलालों के पास जाने की जरूरत नहीं है। साथ ही शासन ने ऑनलाइन सुविधा दे रखी है। फिर भी जानकारी न होने पर अगर कोई कार्यालय आता है, तो स्वयं काम करवाना चाहिए। पहले दलाल बिना रोकटोक कार्यालय में अंदर जाकर काम करवाते थे। लेकिन सख्ती बढने के बाद अंदर तो नहीं जा पा रहे हैं, लेकिन पटल के बाबुओं से जुगाड़ लगाकर काम करवा रहे हैं। एआरटीओ रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने दलालों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
लाइसेंस बनवाने वालों के लिए अब सहूलियत होती जा रही है। कोरोना काल में लोग लाइसेंस बनवाने के लिए परेशान थे, तब कम लोगों का स्लाट चल रहा था। सोशल डिस्टेंस के चलते लोगों को डेट नहीं मिल पा रही थी। वहीं अब 100 लाइसेंस बन रहे हैं। जितने लेागों का स्लॉट होता सभी के फोटो उसी दिन खिंच जाते हैं।