दिबियापुर (औरैया)। रेलवे स्टेशन फफूंद पर पहुंचने वाले यात्रियों को ट्रेनों के आने-जाने की जानकारी अब एफओबी पर ही मिल जाएगी। इसके लिए एफओबी पर एट-अ-ग्लांस डिस्प्ले बोर्ड लगाए जा रहे हैं। अगले 15 दिनों में इनके शुरू होने की उम्मीद है।
सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग द्वारा प्रयागराज मंडल कि सभी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में लगातार इजाफा किया जा रहा है। आदर्श एवं ए क्लास फफूंद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर पांच सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड पहले से ही काम कर रहे हैं। जबकि यात्रियों को अधिक सुविधा देने के लिए दो सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड और लगाए जा रहे हैं।
इस बोर्ड पर डिस्प्ले होने वाली जानकारी को बोर्ड के दोनों साइडों से देखा जा सकता है। इसमें ट्रेन का नाम, नंबर और प्लेटफार्म संख्या के साथ आगमन प्रस्थान की जानकारी भी डिस्प्ले होती रहती है। इधर, अब प्लेटफार्म पर उतरने से पहले ही ओवरब्रिज पर भी ट्रेनों के आवागमन की जानकारी फुट ओवर ब्रिज पर ही मिल जाएगी। इसके लिए 4 एट-ए ग्लांस डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं। हालांकि अभी यह चालू नहीं हो पाए हैं। इस बोर्ड के एक ओर से ही यात्रियों को जानकारी दिखाई देती है। इसमें ट्रेन के नाम की जानकारी नहीं होती। रेलवे स्टेशन फफूंद के एसएसई रंजीत कुमार का कहना है कि एट-ए ग्लांस बोर्ड अगले 15 दिनों में शुरू होने की संभावना है।
पिछले दिनों फफूंद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो पर कोच गाइडेंस लगाए जा चुके हैं। जबकि प्लेटफार्म संख्या 3 पर भी कोच गाइडेंस लगाए जाने की प्रक्रिया जारी है। कोच गाइडेंस लगने से प्लेटफार्मों पर रुकने वाली ट्रेनों के कोचों की जानकारी के लिए यात्रियों को भटकना नहीं पड़ेगा। टे्रन के प्लेटफार्म पर रुकने से पहले ही यात्रियों को उनके कोच की जानकारी होगी। इस तरह ट्रेन आने पर प्लेटफार्म पर यात्रियों द्वारा अपने आरक्षित बोगी तक जाने के दौरान होने वाली अफरा-तफरी से निजात मिलेगी।