औरैया। सहार ब्लॉक की ग्राम पंचायत शहबाजपुर में शौचालय निर्माण में अनियमितता बरतने में पूर्व प्रधान व सचिव से 12.66 लाख रुपये की रिकवरी के निर्देश डीएम ने दिए हैं। निर्माण कार्य में अधिक भुगतान निकाले जाने के मामले में पूर्व प्रधान, पंचायत सचिव व जेई से 1.24 लाख रुपये की वसूली की जाएगी। इस मामले में पंचायत सचिव को निलंबित करने के साथ जेई का एक साल की वेतन वृद्धि रोकने के भी निर्देश हैं।
ग्राम पंचायत शहबाजपुर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालयों के निर्माण व गांव में कराए जा रहे विकास कार्यों में धांधली की शिकायत डीएम अभिषेक सिंह से की गई थी। जिस पर डीएम ने अधिकारियों की तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच कराई। अधिकारियों ने स्थलीय जांच की तो उसमें शिकायत की पुष्टि हुई। इसमें शौचालय निर्माण में 12.66 लाख रुपये अनियमितता पाई गई। जबकि निर्माण कार्यों में 12.14 लाख रुपये का गबन का मामला प्रकाश में आया।
रिपोर्ट मिलने पर डीएम ने 12.66 लाख रुपये की वसूली पूर्व प्रधान अतुल कुमार व तत्कालीन पंचायत सचिव प्रवीण वर्मा से करने तथा निर्माण में 12.24 लाख रुपये की वसूली के लिए पूर्व प्रधान, तत्कालीन पंचायत सचिव व जेई प्रवीन कुमार का एक साल की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस कार्रवाई से प्रधानों और सचिवों में हड़कंप मचा है।