दिबियापुर (औरैया)। जमुहां में प्रस्तावित बस अड्डे के आसपास एवं विकास कुंज कालोनी में जलभराव की समस्या से निजात को एसडीएम औरैया ने निरीक्षण किया। तय हुआ कि औरैया दिबियापुर मार्ग पर नाले की सफाई कराके जलभराव की समस्या से निजात दिलाई जाएगी। इसके लिए नाले पर अवैध अतिक्रमण को अगले दस दिनों में हटवाया जाएगा।
ग्राम पंचायत जमुहां एवं विकास कुंज के आसपास के लोगों ने जिला प्रशासन से जलभराव की शिकायत की थी। बताया था कि जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। गुरुवार दोपहर पहुंचे एसडीएम औरैया रमेश यादव को क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि औरैया दिबियापुर मार्ग पर बने नाले की सफाई न होने के कारण जलभराव की समस्या है। नाले पर पटिया डालकर अतिक्रमण करने से जेसीबी के माध्यम से सफाई नहीं हो पाती। एसडीएम ने बताया कि अगले तीन चार दिनों में नाले पर पटिया डालकर एवं अन्य प्रकार से अतिक्रमण किए लोगों की सूची तैयार कराई जा रही है।
इसके बाद नाले पर अतिक्रमण हटाने के लिए अल्टीमेटम दिया जाएगा। यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो दस दिनों में विधिक प्रक्रिया अपनाकर नाले के ऊपर से अतिक्रमण हटवा दिया जाएगा। इसके बाद नाले की सफाई सुनिश्चित करा लोगों को जलभराव से निजात दिलाई जाएगी। सिंचाईं विभाग के एई दिनेश कुमार को भी उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। नगर पंचायत दिबियापुर चेयरमैन अरविंद पोरवाल भी मौजूद रहे।