औरैया। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने रविवार को सीएचसी दिबियापुर के एल वन कोविड-19 हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों व सीएचसी प्रभारी डॉ. जितेंद्र को कोरोना मरीजों की 24 घंटे निगरानी करने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने डीएम को बताया कि रविवार को अस्पताल में फर्रुखाबाद से तीन और इटावा से दो कोरोना पॉजिटिव मरीज आए हैं। इस पर डीएम ने निर्देश दिए कि कोरोना पॉजिटिव मरीजों की देखभाल व इलाज में लगे सभी स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी सुरक्षा से समझौता न करें।
सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करके ही कोरोना पॉजिटिव मरीज के पास जाएं। साथ ही एक स्वास्थ्य कर्मचारी को मरीज की निगरानी में लगाएं। अस्पताल में साफ सफाई रखी जाए। समय-समय पर सेनेटाइजर का छिड़काव कराया जाए।
डीएम ने सरस्वती विद्या मंदिर दिबियापुर क्वारंटाइन सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तहसीलदार को निर्देश दिए कि किसी प्रकार की कोई समस्या न होने दी जाए। डीएम ने कहा कि जो लोग होम क्वारंटाइन के लिए भेजे गए हैं, उन पर निगरानी रखी जाए। यदि वह क्वारंटाइन का उल्लंघन करते हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी, डॉ. अशोक आदि मौजूद रहे।