औरैया। जिले में तब्लीगी जमात के चार लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम द्वारा बुलाई गई आपातकालीन बैठक में नगर पालिका परिषद औरैया के अधिशासी अधिकारी के अनुपस्थित होने पर डीएम ने अपर जिलाधिकारी रेखा एस चौहान को अधिशासी अधिकारी की सेवा समाप्ति की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, बैठक में लॉकडाउन को और अधिक सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस समय हमारी प्राथमिकता कोरोना संक्रमण को रोकना है। जनपद में चार लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं अत: सभी अधिकारियों को और अधिक सक्रिय होने की जरूरत है। उन्होंने सभी एसडीएम से कहा कि सभी सब्जी वालों फल वालों को पास जारी किया जाए। बिना पास के घूमने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाए।
सीएमओ अर्चना श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना पॉजिटिव आए जमात के लोगों के संपर्क में आने वाले लोगों एवं उनके संपर्क में आने वाले लोगों की सूची बनाई जा रही है और उनकी जांच की जा रही है।
इस मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक सुनीति ने सभी पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि वह पूरी सख्ती से पूरे जनपद में लॉकडाउन का पालन सुनिश्चित कराएं।
उधर, जिलाधिकारी ने बताया कि कोरोना महामारी के कारण शासन द्वारा जनपद को लॉकडाउन लागू किया गया है। इस अवधि में जनपद के समस्त शैक्षणिक संस्थान बंद हैं ऐसी स्थिति में सभी शैक्षणिक संस्थाओं के प्रबंधन को आदेश दिए जाता है कि आपदा की अवधि में किसी भी अभिभावक को फीस देने हेतु बाध्य ना किया जाए। अन्यथा आदेश का उल्लंघन करने पर कार्रवाई होगी।