अयाना। विपेक्स समिति चंदनपुर के अध्यक्ष राम बहादुर सिंह ने जिलाधिकारी नेहा प्रकाश को शिकायती पत्र दिया। इसमें उन्होंने बताया कि समिति प्रभारी सचिव ने एक अगस्त व एक नवंबर 2023 को समिति में फर्जी तरीके से लोगों की नियुक्ति कर दी है।
मार्च 2023 में समिति मंडल गठित होने के बाद से प्रभारी सचिव की ओर से कोई बैठक नहीं बुलाई गई है और न ही समिति की कार्रवाई में अध्यक्ष व सभापति के हस्ताक्षर करवाए गए। बताया कि प्रभारी सचिव की ओर से की गई नियुक्ति की जानकारी सहायक विकास अधिकारी प्रताप सिंह निरंजन को भी नहीं है जबकि समिति में नियुक्ति सहायक विकास अधिकारी के अनुमोदन पर होती है।
अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रभारी सचिव से कई बार कार्यवाही के रजिस्टर की मांग की, लेकिन वह हर बार रजिस्टर अधिकारियों के पास होने की बात कहकर टरकाते रहे। समिति अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से फर्जी नियुक्ति, कार्रवाई व उपस्थित रजिस्टर की जांच करवाने की मांग की है। संवाद