अछल्दा। रेलवे स्टेशन स्थित पश्चिमी केबिन के होम सिग्नल के पास सोमवार रात एक युवती की ब्रह्मपुत्र ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जीआरपी ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन वे असफल रहे।
कामाख्या जंक्शन से ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन सोमवार रात पुरानी दिल्ली जा रही थी। रात करीब 11 बजकर 22 मिनट पर अछल्दा रेलवे स्टेशन स्थित पश्चिमी केबिन के होम सिग्नल के पास ट्रेन की चपेट में एक युवती आ गई। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। ट्रेन की चपेट में आने की वजह से युवती का शव क्षत-विक्षत हो चुका था।
स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी फफूंद के चौकी प्रभारी जयकिशोर मौके पर पहुंचे। दरोगा जय किशोर ने बताया युवती की उम्र करीब 25 वर्ष है। वह पीला सलवार-सूट व बाएं हाथ में लाल धागा पहने है। रेलवे कर्मियों ने इंजन चेककर 11 बजकर 30 मिनट पर ट्रेन रवाना की। (संवाद)