औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के जालौन रोड पर पांडेय गेस्ट हाउस के सामने तेज रफ्तार डंपर ने पैदल जा रही शिक्षक की मां को कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पीछा कर जालौन रोड पर चालक को डंपर समेत पकड़ लिया।
मोहल्ला बनारसीदास निवासी पूर्व शिक्षक कृष्णमूर्ति चतुर्वेदी की पत्नी सत्यवती देवी (72) सोमवार की दोपहर लगभग डेढ़ बजे जालौन चौराहे के पास रहने वाले रिश्तेदारों के घर पैदल जा रहीं थीं। जालौन रोड पर पांडेय गेस्ट हाउस के सामने पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने वृद्धा को कुचल दिया। डंपर का पहिया वृद्धा के सिर से निकल गया। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भागने लगा। इस पर किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चीता मोबाइल टीम ने पीछा कर डंपर को चालक मो. आजम पुत्र मो.असलम निवासी तिर्वा, जिला कन्नौज को पकड़ लिया। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज करने की कार्रवाई की है। मृतका का पुत्र राघवेंद्र चतुर्वेदी शहर के नेहरू इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं।