अजीतमल (औरैया)। बाबरपुर कस्बे के अमावता मोड़ पर इटावा रोड पर लगे हाईटेंशन विद्युत पोल में रविवार को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। पोल क्षतिग्रस्त होने से तीन फीडरों से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इससे इन फीडरों से जुड़े 60 गांवों की बत्ती गुल हो गई। जेई ने कोतवाली में ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
इटावा रोड पर अमावता मोड़ के पास से होकर 11 केवीए की हाईटेंशन लाइन निकली है। रविवार को एक ट्रक ने विद्युत पोल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विद्युत पोल और लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।
पोल और लाइन क्षतिग्रस्त होने से तीन फीडरों अनन्तराम कृषि, अनंतराम ग्रामीण और कोल्ड स्टोरों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गयी। जेई राजवीर सिंह ने बताया कि करीब 60 गांवों, तीन कोल्ड स्टोरों और अनंतराम टोल प्लाजा की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। ट्रक व चालक के खिलाफ कोतवाली अजीतमल में तहरीर देकर मामला दर्ज कराया गया है।