औरैया। कोतवाली क्षेत्र स्थित देवकली पुलिस चौकी के पास मंगलवार की दोपहर पुलिस जीप की टक्कर से बाइक सवार युवक-युवती घायल हो गए। घटना के समय चौकी पर कोई भी सिपाही मौजूद न होने पर उधर से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों को अपनी गाड़ी से 50 शय्या जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने दोनों को कानपुर रेफर कर दिया। युवक हेलमेट लगाए हुए था।
जालौन जिले के कोंच के मोहल्ला लाजपत नगर निवासी आनंद (25) पुत्र रमेश कुमार मंगलवार को दोपहर 12 बजे बाइक से नहर बाजार दिबियापुर निवासी लाली (21) पुत्री कल्लू सक्सेना के साथ जालौन की ओर आ रहे थे। देवकली चौकी के पास औरैया की ओर से तेज रफ्तार से जा रही पुलिस की जीप ने सामने से आ रहे ट्रक को गलत दिशा से क्रास कर आगे निकलने का प्रयास में सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक व युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
उधर से गुजर रहे टीटू यादव ने अपने साथी विकास दुबे के साथ दोनों घायलों को अपनी गाड़ी से 50 शय्या जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही नारायनपुर चौकी इंचार्ज सुधीर भार्गव, ब्रह्मनगर चौकी इंचार्ज बलवीर सिंह फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने दोनों घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया।
इस संबंध में सीओ बिधूना मुकेश प्रताप सिंह ने बताया कि कोई ओवरटेक कर रहा था, तभी टक्कर हो गई। एंबुलेंस से दोनों घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि हकीकत यह है कि उसे राहगीरों ने भर्ती कराया। वहीं, मौके से चालक के भागने की जांच कराने की बात कही है।