अजीतमल (औरैया)। इटावा-कानपुर हाईवे पर अनंतराम टोल प्लाजा से एक किमी पहले स्कूटी सवार को किसी बेकाबू वाहन ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी है।
भूमि संरक्षण विभाग से सेवानिवृत्त इटावा जिले के गांव सराय एसर निवासी शंकर लाल शर्मा (65) बुधवार को स्कूटी से अपने पुत्र सुनील की ससुराल गांव चिट्कापुर बीमार समधी को देखने जा रहे थे। अनंतराम टोल प्लाजा के पास ओवरब्रिज पर पहुंचते ही पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
एनएचएआई एंबुलेंस से उन्हें सीएससी अजीतमल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जेब में मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस से उनकी शिनाख्त की गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।