औरैया। पोस्टमार्टम के बाद दस वाहनों से शवों को उनके परिजनों के पास रवाना किया गया। इन्हीं वाहनों से जिला अस्पताल में भर्ती चार घायल और शेल्टर होम में रह रहे छह मजदूर भी चले गए। हादसे में 35 घायल हुए थे। बकियों का सैफई में इलाज जारी है।
एसपी सुनीति देर रात तक पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद रहीं। अपर जिलाधिकारी रेखा एस चौहान ने बताया कि शवों को उनके घरों को भेजने के लिए 10 वाहनों का इंतजाम किया गया था। रविवार को सुबह तक 23 शवों को भेजा गया। इसमें दो वाहनों से बोकारो, दो वाहनों से पुरुलिया पश्चिम बंगाल, एक वाहन से गया बिहार और तीन वाहनों से उत्तर प्रदेश के झांसी, भदोही और कुशीनगर शवों को भेजा गया। पश्चिम बंगाल सरकार ने कहा कि वह अपने शवों को मुगलसराय से दूसरी गाड़ियों में लेकर इन गाड़ियों को वापस भेज देंगे।
बाकी बचे दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद देर रात दो वाहनों से रवाना कर दिया गया। इसमें एक शव को चिरुटोला तेतरियाडीह थाना छतरपुर जिला पलामू झारखंड और दूसरे शव को हडिहरपुर थाना केसरिया जिला पूर्वी चंपास मोतिहारी राज्य बिहार भेजा गया। हर वाहन में एक राजस्वकर्मी और एक होमगार्ड को भेजा गया है। जानकारी मिली है कि चार गाड़ियों में राजस्व कर्मी नहीं गए हैं, इस बारे में पता किया जा रहा है। उन राजस्व कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।