बेला। सहार-बिधूना मार्ग पर रविवार देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से पिकअप चालक की मौत हो गई। सहायक घायल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रसूलाबाद थाना क्षेत्र के चितीपुर निवासी आसिफ(25) पुत्र जाबिर व सिराज अहमद रविवार को पिकअप से भूसा खाली करने के बाद इटावा से अपने गांव लौट रहे थे। सहार-बिधूना मार्ग पर निवादा बंबा के पास पिकअप में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया।
हादसे में पिकअप सवार दोनों घायल हो गए। दूसरे वाहन के लोग भाग निकले। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने वाहन में फंसे घायलों को निकाल कर पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया।
वहां से गंभीर हालत देख दोनों युवकों को कानपुर रेफर किया गया। रास्ते में चालक आसिफ की मौत हो गई। घायल सहायक सिराज का कानपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज हो रहा है। थाना प्रभारी जीवाराम ने बताया कि पिता की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।