सहायल (औरैया)। कस्बा लहरापुर में खाना बनाते समय आग लगने से महिला झुलस गई। घर में रखा सामान भी जल गया। महिला को गंभीर हालत में परिजन कानपुर ले गए हैं।
परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह स्वाती (25) पत्नी उमेश घर में गैस चूल्हे से खाना बना रही थी। तभी साड़ी के पल्लू में आग पकड़ लेने से वह झुलस गई। आग की लपटों ने घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। लपटें देख ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने सबमर्सिबल चलाकर पानी व धूल डालकर आग पर काबू पा लिया। तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। परिजन गंभीर रूप से झुलसी महिला को कानपुर ले गए हैं। महिला स्वाती की शादी तीन वर्ष पहले उमेश कुशवाहा निवासी लहरापुर के साथ हुई थी। स्वाती का एक पुत्र भी है। जिसकी उम्र एक वर्ष है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।