अनंतराम। गांव चकसत्तापुर में शनिवार दोपहर एक युवती को सांप ने डस लिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घर वाले जिंदा होने की आस में उसे मध्य प्रदेश स्थित रतनगढ़ ले गए। वहां भी मृत घोषित होने के बाद परिजन रविवार को शव लेकर गांव पहुंचे और सूचना पुलिस को दी।
गांव निवासी शिशुपाल राजपूत दिव्यांग हैं। वह अपने परिवार के साथ खेती किसानी और मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी के अलावा पुत्री शिवांगी (18), रूबी (17), पूनम (15), डौली (12) और एक पुत्र पुष्पेंद्र (8) थे। शनिवार की दोपहर बड़ी बेटी शिवांगी कमरे में रखी गेहूं की टंकी के पास कुछ सामान लेने गई थी। तभी उसके हाथ के अंगूठे में किसी कीड़े ने काट लिया तो उसे लगा कि चूहे ने काटा है। लगभग आधा घंटे के बाद उसे दिक्कत हुई तो घर के लोग उसको इलाज के लिए अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
उधर, परिजन व ग्रामीणों की खोजबीन में गेहूं की टंकी के पास जहरीला सांप मिलने से खलबली मच गई। ग्रामीणों ने सपेरा बुलाकर उसको पकड़वाया। कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों की पुष्टि होगी।