संवाद न्यूज एजेंसी
कुदरकोट। थाना क्षेत्र के गांव गढ़वाना में रविवार तड़के विवाह समारोह में काम करने आए एक 32 वर्षीय युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलस गया। मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन ने मुआवजे की मांग को लेकर घंटों हंगामा किया, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को संभाला गया।
हंगामे की सूचना पर एसडीएम बिधूना गरिमा सोनकिया और क्षेत्राधिकारी पी. पुनीत मिश्रा कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन को समझाकर शांत कर दिया। अधिकारियों ने परिजन को ढांढस बंधाया और सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया। मौके पर बुलाए गए जेई मोहित रस्तोगी को तत्काल तार कसने के निर्देश दिए गए हैं।
इटावा के जोहरपुरा समोहो निवासी रवि (32) थाना क्षेत्र के गांव गढ़वाना में एक शादी समारोह में सजावट का कार्य करने आया था। रविवार सुबह करीब चार बजे वह शौच के लिए खेत की ओर गया था। अंधेरा होने के कारण उसे नीचे झूल रहे हाईटेंशन तार दिखाई नहीं दिए और वह उनकी चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रवि अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। महज एक साल पहले ही उसकी एक शादी हुई थी। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।