रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ी क्षतिग्रस्त बाइक देखते लोग
- फोटो : Amar ujala
रेलवे स्टेशन फफूंद के पश्चिमी आउटर पर बाइक के साथ अनाधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पार कर रहा युवक सामने से राजधानी एक्सप्रेस आती देख भाग खड़ा हुआ। बाइक ट्रैक पर पड़े होने से बाइक चकनाचूर हो गई। हालांकि बाइक सवार युवक भाग खड़ा हुआ। आरपीएफ रेलवे एक्ट की धाराओं में बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर रहा है।
सोमवार सुबह 11 बजे रेलवे स्टेशन फफूंद के पश्चिमी आउटर पर एक युवक बाइक के साथ रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। तभी रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वालों को कानपुर की ओर से राजधानी एक्सप्रेस आती दिखाई दी तो उन्होंने युवक को सचेत करने के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया। इस पर सामने से मौत आती देखकर युवक बाइक को बीच ट्रैक पर ही छोड़कर भाग खड़ा हुआ। इसके बाद राजधानी की टक्कर से बाइक चकनाचूर होकर ट्रैक के किनारे जा गिरी।
घटना के बाद ट्रेन के चालक ने राजधानी एक्सप्रेस को आगे जाकर रोक लिया। इंजन में आई तकनीकी खामी को दुरुस्त कर 10 मिनट बाद ट्रेन आगे रवाना हुई। इधर, आरपीएफ ने क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। आरपीएफ एसआई बब्लू कुमार का कहना है कि बाइक के अज्ञात मालिक के खिलाफ रेलवे एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। यहां बता दें कि पिछले सप्ताह ही एक युवक एवं उसका एक अधेड़ साथी रेलवे लाइन पार करते समय शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए थे।
दोनों की ही मौके पर मौत हो गई थी। इसके बावजूद लोग अनाधिकृत रूप से रेलवे लाइन पार करने से बाज नहीं आ रहे हैं। जबकि रेलवे प्रशासन समय-समय पर अपील करता रहता है कि रेलवे ट्रैक को अनाधिकृत तौर पर पार न करें। इसके लिए रेलवे फुट ओवर ब्रिज एवं रेलवे ओवर ब्रिज का इस्तेमाल करें।