फोटो-13- आग लगने के बाद जले नोट। संवाद
औरैया। कोतवाली क्षेत्र के गांव क्योंटरा में मंगलवार को एक मकान में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लग गई। परिवार के अनुसार आग लगने से घर में काफी सामान जल गया। पीड़ित के अनुसार आग से घर में रखे 2.30 लाख रुपये भी जल गए। पीड़ित ने पुलिस को घटना को जानकारी दी है।
डेयरी संचालक गांव निवासी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे शॉर्ट सर्किट से अचानक तारों ने आग पकड़ ली। इसकी चपेट में आकर डबल बेड, एसी, एलईडी टीवी, अलमारी, कपड़े तथा सोने-चांदी के जेवर जल गए। इसके अलावा घर में रखी करीब 2.30 लाख रुपये की नकदी भी जल गई।
घटना की सूचना थाना पुलिस, तहसील प्रशासन एवं विद्युत निगम को दी गई। आरोप लगाया कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। हालांकि उन्होंने आग बुझा दी थी। पीड़ित ने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर नुकसान की भरपाई करने की मांग की है।
चिंगारी से यूकेलिप्टस की बगिया में लगी आग
ककोर। जिला मुख्यालय के पास गांव भियांपुर में यूकेलिप्टस के पेड़ों के किनारे से गुजरी हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से आग भड़क उठी। बगिया के पास बड़ी मात्रा में सूखी पतार और खेतों में पड़े गेहूं के फसल अवशेष पड़े थे। इससे आग तेजी से फैलती चली गई।
ग्रामीणों का कहना है कि हार्वेस्टर से कटाई के बाद खेतों में बचे अवशेषों में कुछ किसान आए दिन आग लगा देते हैं लेकिन कई बार यही आग विकराल रूप धारण कर लेती है और बड़े हादसों की वजह बन जाती है। घटना में किसी प्रकार का फसली नुकसान नहीं हुआ और न ही कोई जनहानि हुई। (संवाद)