औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में लगभग 10 दिन पहले एक महिला के गले से मंगलसूत्र तोड़कर भागे बाइक सवार आरोपियों में एक आरोपी को पुलिस ने खोज निकाला। इस दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक सफेद रंगी चेन भी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र में सुभाष चौक पर 10 दिन पहले एक महिला के गले से बाइक सवारों ने मंगलसूत्र पार कर दिया था। जानकारी होते ही ब्रह्मनगर चौकी इंचार्ज हेमंत चौधरी ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर बाइक सवार लुटेरे को पैगंबरपुर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम मंगलपुर कानपुर देहात निवासी अरुण बताया।
आरोपी ने बताया कि वह अपने दो साथियों मंगलपुर निवासी मुकेश व पातेपुर औरैया निवासी विजय के साथ मिलकर लूट की घटनाओं को अंजाम देता है। लगभग 10 दिन पहले सुभाष चौराहे पर मिठाई की दुकान के पास एक महिला मंगल सूत्र पहने आते दिखी थी। जहां दोनों ने बाइक से झपट्टा मारकर महिला का मंगल सूत्र पार कर दिया था। मंगलसूत्र को सिकंदरा में एक व्यक्ति को 30 हजार रुपये में बेच दिया था। उन्हीं रुपयों से यह चांदी की चेन खरीदी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जल्द ही लूट के अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।