औरैया। जिले में ग्रामीण संपर्क मार्गों को बेहतर करने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया गया है।
एआरटीओ कार्यालय से लालपुर नवली मार्ग होते हुए ग्राम भूपत की मड़ैया तक 1.77 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस पर 81.75 लाख रुपये खर्च होंगे। निर्माण कार्य राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद द्वारा कराया जाएगा।
यह मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। बरसात के दिनों में कीचड़, जलभराव और गड्ढों के कारण आवागमन लगभग ठप हो जाता था। स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, किसानों और बुजुर्गों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। इस सड़क के बनने से भूपत की मड़ैया, लालपुर नवली, नयागांव, खेड़ा, रामनगर और महदेवपुर सहित आसपास के गांवों को सीधी और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी। इन गांवों की आबादी लगभग दस हजार है।
वहीं, नई सड़क से ग्रामीणों को औरैया शहर, मंडी, अस्पताल, कॉलेज और तहसील तक पहुंचना आसान हो जाएगा। किसानों को अपनी उपज मंडी तक लाने और ले जाने में आसानी होगी। ट्रैक्टर, लोडर और छोटे वाहनों का आवागमन सरल होगा। इससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी और फसल का बेहतर दाम मिल सकेगा।
उधर, छोटे व्यापारियों को भी माल ढुलाई में सुविधा मिलेगी। अभी तक यह सड़क जर्जर हालत में थी। ककोर मुख्यालय के पीछे रास्ता बना ही नहीं है। यहीं से ये सड़क कई गांवों को जोड़ेगी। मंडी सचिव हरविलास ने बताया कि सड़क के निर्माण कार्य को स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही इसका निर्माण शुरू कराया जाएगा।