- पहली पत्नी के छोटे बेटे ने दर्ज कराई रिपोर्ट
- सेवानिवृत्त नायब सूबेदार की बेटे ने कार से कुचलकर की थी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
अयाना। गांव अयाना में बुधवार शाम करीब छह बजे सेवानिवृत्त नायब सूबेदार पिता को बेटे ने कार से कुचल दिया था। इससे उनकी जान चली गई थी। मामले में शुक्रवार को मृतक की पहली पत्नी के छोटे बेटे ने अपने सौतेले भाई के खिलाफ पिता की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अयाना निवासी किरन कुमार सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 10 सितंबर को सौतेले भाई पदम ने घर पर जमीन के विवाद में झगड़ा किया था। इसके बाद पिता सेवानिवृत्त नायब सूबेदार रमेश चंद्र पाल (85) शाम पांच बजे के करीब बड़े भाई मोती सागर के साथ तालाब किनारे टहल रहे थे। तभी पदम ने अपनी कार से कुचल कर पिता की हत्या कर दी।
आरोप लगाया कि पदम घर पर आए दिन जमीन के बटवारे व पिता की पेंशन को लेकर विवाद करता था। बताया कि पहले पिता ने सभी भाइयों को जमीन में बराबर हिस्सा दिया था। इसके बाद भी भाई पदम ने कम हिस्सा मिलने की बात कह जबरन खेत जोत लिया था। और पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में पिता ने 25 सितंबर 2024 को अयाना थाना में शिकायत की थी। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हत्यारोपी बेटे की गिरफ्तारी में दो टीमें लगाई गईं हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।