औरैया। कानपुर-इटावा हाईवे पर रविवार देर रात ढाई बजे टायर की हवा चेक करने के लिए रोके गए मिनी ट्रक में पीछे से आ रहा दूसरा मिनी ट्रक टकरा गया। हादसे में कानपुर देहात निवासी मजदूर की मौत हो गई। जानकारी पर चौकी पुलिस पहुंची। वाहनों को क्रेन से किनारे कराया गया। हादसा जनेतपुर गांव के पास हुआ।
मध्य प्रदेश के जिला भिंड स्थित थाना व गांव अमायन निवासी अर्पित सिंह कानपुर-इटावा स्थित गांव जनेतपुर के पास रविवार देर रात मिनी ट्रक खड़ा कर टायर की हवा चेक करा रहा था। इस दौरान इटावा की तरफ से आया तेज रफ्तार मिनी ट्रक हाईवे पर खड़े वाहन में पीछे से घुस गया। पीछे से घुो मिनी ट्रक का चालक वाहन छोड़कर भाग गया। मिनी ट्रक में सवार कानपुर देहात थाना मंगलपुर के गांव कसोलर निवासी योगेंद्र (37) की मौके पर मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर इंडियन ऑयल चौकी प्रभारी गणेश गुप्ता फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। हाईवे पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन से पुलिस ने किनारे कराया।
सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। योगेंद्र के पिता रघुनाथ ने बताया कि बेटा मजदूरी करता था, वह रविवार को घर आ रहा था। शव देख परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी सीओ सिटी पी पुनीत मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। तहरीर मिलने पर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।