औरैया। पिछले साल जिला प्रशासन के प्रयासों से रोडवेज बस अड्डे के बगल की पेंच कपास की जमीन कब्जामुक्त कराई गई थी।
इस जमीन का सदुपयोग करने के लिए पालिका की ओर से शासन में भेजे गए प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई है। इस बेशकीमती जमीन पर शाॅपिंग कॉम्प्लेक्स के साथ ही गेस्ट हाउस को भी मंजूरी मिल गई है। साथ ही साथ योजना के तहत दो करोड़ का बजट भी स्वीकृत हो गया है।
सालों से रोडवेज के बगल में खाली पड़ी जमीन पर अवैध लकड़ी मंडी का संचालन किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने पिछले साल इस जमीन को खाली कराया। इसके बाद पालिका ने इस जमीन का कुछ हिस्सा रोडवेज को दिया है। सीमित दायरे में हो रहा रोडवेज का संचालन अब जमीन मिलने के बाद कुछ हद तक बेहतर हो जाएगा।
उधर पालिका ने शेष जमीन के लिए प्रस्ताव बनाए थे। इसमें नगरोदय योजना के तहत शासन स्तर से दो करोड़ रुपये गेस्ट हाउस के लिए जारी किए गए हैं। वहीं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए तीन करोड़ का बजट मिला है। ऐसे में यमुना रोड किनारे खाली पड़ी यह जमीन जल्द ही सुविधाओं का बड़ा केंद्र बन जाएगी। जहां लोगों को जरूरत के लिए लिहाज से कारोबार करने की सहूलियत मिलेगी।
वहीं गेस्ट हाउस बन जाने से लोगों को बीच शहर में शादी कार्यक्रम के लिए मुफीद जगह मिल जाएगी। इस सब से पालिका की आय में भी इजाफा होगा।
-
नगरोदय योजना के तहत गेस्ट हाउस व शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए कुल पांच करोड़ स्वीकृत हुए हैं। रोडवेज के बगल में खाली कराई गई पेंच कपास की जमीन पर इसका निर्माण किया जाएगा।
-अनूप गुप्ता, नगर पालिकाध्यक्ष