औरैया। कोतवाली क्षेत्र के गांव क्योटरा में एक घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। 70 वर्षीय कृष्ण दत्त पांडेय और उनकी पत्नी 68 वर्षीय दुर्गा पांडे का प्रेम लोगों के लिए ऐसी मिसाल बन गया, जिसे भुलाना आसान नहीं होगा।
बुधवार को बीमार पत्नी की मौत हो गई थी। शव गांव पहुंचा तो गुमशुप कृष्ण दत्त चुप बैठ गए। कुछ ही घंटों बाद पति कृष्ण दत्त ने भी दुनिया छोड़ दी। गुरुवार सुबह दंपती की अर्थियां एक साथ उठीं। अंतिम संस्कार के दौरान पूरा गांव श्मशान घाट पर उमड़ पड़ा। दोपहर एक बजे दोनों की चिताएं साथ-साथ जलीं तो माहौल बेहद भावुक हो उठा। ग्रामीणों ने कहा कि यह दृश्य शायद ही कभी दोबारा देखने को मिले। मृतक दंपती के दो पुत्र विकास पांडेय और विमल पांडेय हैं। जबकि पुत्री का विवाह हो चुका है। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया दोनों की सामान्य मौत हुई। (संवाद)