दिबियापुर। एनटीपीसी परिसर में तैनात प्रधान आरक्षी अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद बेहोश हो गए। परिजन उन्हें परिसर स्थित अस्पताल ले गए। वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हृदयगति रुकने से मौत की पुष्टि हुई है।
गाजीपुर स्थित थाना करीमुद्दीनपुर के गांव पलिया निवासी जितेंद्र (45) सीआईएसएफ में प्रधान आरक्षी थे। जून 2025 से वे कस्बा स्थित एनटीपीसी में तैनात थे। बृहस्पतिवार तड़के अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन बेहोशी की हालत में उन्हें परिसर स्थित अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी पर पत्नी रुक्मणि और तीन बेटों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौत की सूचना पर चौकी प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ में बेटे कृपा ने पुलिस को बताया कि पिता को तीन दिन से बुखार था। बुधवार को बुखार सही होने पर वे नाइट ड्यूटी पर गए थे। सुबह घर आ गए थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हृदयगति रुकने से मौत की पुष्टि हुई है। शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।