औरैया। जैसे-जैसे दीपावली का पर्व नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे अवैध तरीके से पटाखों का कारोबार भी बढ़ गया है। बिक्री और निर्माण का लाइसेंस देने वाला दमकल विभाग भले ही सब कुछ ठीक होने का दावा कर रहा हो लेकिन पुलिस के छापाें ने पोल खोल दी है। महज तीन दिन में पुलिस ने 19 लाख कीमत की 113.99 क्विंटल पटाखे पकड़े हैं। साथ ही दबोचे गए 13 आरोपियों को जेल भेजे गए हैं जबकि दो आरोपियों की तलाश में पुलिस लगी है।
प्रकाश पर्व को सुख-शांति में पटाखे खलल न डाले इसे लेकर शासन ने पटाखों की अवैध बिक्री व निर्माण पर शिकंजा कसने के लिए छापेमारी के निर्देश दिए हैं। इस पर औरैया में भी पुलिस छापा मार रही है। पिछले तीन दिन में जिले में जारी पुलिस की धरपकड़ में पटाखों का जखीरा पकड़ा गया है। सहार, बिधूना, अछल्दा, औरैया, अजीतमल समेत अन्य थाना कोतवाली क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पटाखे बरामद किए गए हैं। इस छापा मारने के बाद खास बात तो यह है कि अभियान से पहले अग्निशमन विभाग की ओर से की गई जांच में सब कुछ ठीक था। कानपुर में हुए हादसे के बाद संयुक्त छापेमारी हुई तो जिले में पटाखों के जखीरे जगह-जगह से बरामद हो रहे हैं। बता दें कि 10 अक्तूबर से पुलिस अधिकारी व अग्निशमन विभाग के अफसर ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। सदर कोतवाली, अजीतमल, फफूंद, बिधूना, सहार अछल्दा पुलिस को आतिशबाजी का जखीरा बरामद हो गया। रविवार की रात अछल्दा थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने एक और आरोपी को पटाखों समेत पकड़ा है।
थाना गिरफ्तारी आतिशबाजी का वजन कीमत
फफूंद दो पकड़े एक फरार 6.76 क्विंटल 10 लाख
फफूंद एक फरार 75 किग्रा एक लाख
अजीतमल दो पकड़े 85.5 किग्रा 1.50 लाख
सदर कोतवाली पांच पकड़े 1.63 क्विंटल पांच लाख
बिधूना दो पकड़े 34 किग्रा 34 हजार
सहार एक पकड़ा 30 किग्रा 30 हजार
अछल्दा एक पकड़ा 40 किग्रा एक लाख
-
आबादी के बीच आतिशबाजी जान के लिए खतरा
अवैध रूप से जनपद में आतिशबाजी रखने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। आबादी के बीच आतिशबाजी लोगों की जान के लिए खतरा बन सकता है। व्यापारी नियमाें के तहत की आतिशबाजी की दुकान लगाएं।
- अभिषेक भारती, एसपी