दिबियापुर ( औरैया )। यूपीएसआईडीसी के निर्णय से दिबियापुर को झटका लगा है। औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए कंचौसी मोड़ पर यूपीएसआईडीसी ने जमीन अधिग्रहीत कर ली थी परंतु अचानक प्लास्टिक सिटी की स्थापना के लिए औरैया के पास जमीन अधिग्रहीत करने के फैसले से लोग भौचक हैं।
दिबियापुर क्षेत्र में गेल एवं बिजली आधारित संयंत्र के बाद यूपीएसआईडीसी के कंचौसी मोड़ पर प्लास्टिक आधारित उद्योग लगाने के लिए भूमि अधिग्रहीत कर ली गई।
बताया जाता है कि इस दौरान कुछ भूविस्थापितों ने जमीन अधिग्रहण में अड़ंगा लगा दिया। इसके बाद क्षेत्र में यूएम पावर एवं गेल के पावर प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। इन दोनों पावर प्लांटों के लगने से दिबियापुर क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की अपार संभावनाएं नजर आने लगीं थीं परंतु शुक्रवार को कानपुर में हुई यूपीएसआईडीसी के अधिकारियों, औरैया के जिलाधिकारी, गेल एवं एनटीपीसी के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में औरैया के समीप हाईवे पर प्लास्टिक सिटी की स्थापना के लिए निर्णय के बाद यहां के लोगों को झटका लगा है।
अब औरैया में 250 हेक्टेयर जमीन पर प्लास्टिक सिटी की स्थापना का निर्णय लिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे दिबियापुर क्षेत्र में विकास की संभावनाओं पर ब्रेक लगने के आसार हैं।