- कैपिस्टर लगाने को शिफ्ट किए गए ट्रांसफार्मर
- अब लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी
अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। लो वोल्टेज और बिजली की आंख मिचौली से उपभोक्ताओं को निजात दिलाने के लिए 33/11 केवीए विद्युत केंद्र पर कैपिस्टर बैंड लगाए गए। स्विच यार्ड में लगे ट्रांसफार्मरों कोे शिफ्ट किया गया। इस दौरान सुबह से शाम तक विद्युत आपूर्ति ठप रही और पेयजल संकट भी रहा। इसके चलते लोग परेशान रहे।
रविवार को शहर को आपूर्ति देने वाले विद्युत केंद्र पर कैपिस्टर बैंड लगाने के दौरान विभाग की ओर से सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक आपूर्ति ठप रखे जाने का फरमान जारी किया गया था। लेकिन कैपिस्टर लगाने के लिए जगह की कमी के चलते स्विच यार्ड में लगे 10-10 एमवीए के दोनों ट्रांसफार्मरों को शिफ्ट किए जाने का काम सुबह लगभग 11 बजे शुरू हुआ। दोपहर तीन बजे से क्रेन से ट्रांसफार्मर शिफ्ट किए गए। इसके चलते शाम 7 बजे तक शहर के उपभोक्ताओं को आपूर्ति नहीं दी जा सकी। पूरे दिन आपूर्ति ठप रहने से जहां भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को खासी परेशानी उठानी पड़ी वहीं पेयजल संकट भी रहा। एसडीओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि कैपिस्टर बैंड लगाने के चलते उपभोक्ताओं को थोड़ी परेशानी जरूर हुई है लेकिन इस उपकरण के लगने से लो वोल्टेज की समस्या दूर हो जाएगी। वहीं निर्धारित समय पर काम शुरू न होने पर एक्सईएन पंकज शर्मा ने आरएपीडीआरपी के कर्मचारियों को फटकार लगाई।