अमर उजाला ब्यूरो
दिबियापुर (औरैया)। औरैया दिबियापुर सड़क मार्ग पर कई प्रमुख इलेक्ट्रानिक्स कंपनियों के डिस्ट्रीब्यूटर के गोदाम में सोमवार रात घुसे बदमाशों ने शटर उठाकर करीब 40 लाख के इलेक्ट्रानिक्स उपकरण और नकदी पार कर दी। मेन रोड पर इतनी बड़ी वारदात से व्यापारियों में दहशत व्याप्त है। पीड़ित की शिकायत पर मामले की रिपोर्ट दिबियापुर थाने में दर्ज की गई है। व्यापारियों ने जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
अजय प्रताप सिंह पुत्र बंगाली बाबू यादव निवासी इंदिरानगर दिबियापुर कई इलेक्ट्रानिक उत्पादों की औरैया जिले में डिस्ट्रीब्यूटरशिप लिए हैं। औरैया-दिबियापुर मार्ग पर ककराही पुलिया के पास उनकी ब्रांड शॉप है। इसके ऊपरी हिस्से में इलेक्ट्रानिक उत्पादों की गोदाम है। अजय ने बताया कि सोमवार रात नया स्टाक आया था। इसे रखवाकर वे दुकान बंद कर चले गए थे। मंगलवार सुबह 4 बजे उनका छोटा भाई अश्वनी रिश्तेदारी में जाने के लिए इसी मार्ग से निकला तो दुकान के बाहर तख्त खड़ा देखा। संदेह होने पर पास जाकर देखा तो उसके होश उड़ गए। शटर को जैक लगाकर उठाया गया था। ये देख उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सुबह करीब 6 बजे सीओ औरैया अमित राय वहां पहुंचे। इसके बाद दिबियापुर के प्रभारी थानाध्यक्ष अशोक उपाध्याय थाना पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। शोरूम मालिक अजय ने बताया कि करीब 4 लाख के 15 मोबाइल, 18 लाख की 36 एलईडी टीवी, सवा लाख की 8 सिलाई मशीन, 4 लाख के 13 एसी समेत करीब 40 लाख का माल चोर ले गए हैं। सीओ अमित राय ने बताया कि घटना का मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। इसके लिए फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद ली जा रही है।