खेतों में टार्च जला रहे युवक दबोचे गए
दिबियापुर ( औरैया )। लगातार कई दिनों से क्षेत्र में कच्छाधारी बदमाशों की आहट के चलते दिबियापुर पुलिस ने गश्त तेज कर दी है। बुधवार को अर्द्धरात्रि में दो संदिग्धों को पुलिस ने बूढ़ादाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से गड़ासा व एक कार बरामद हुई है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष हरपाल सिंह के अनुसार बुधवार की रात सूचना मिली कि ग्राम बूढ़ादाना क्षेत्र में बदमाशों की चहलकदमी से ग्रामीण परेशान हैं। इसपर थाना दिबियापुर के उपनिरीक्षक एसपी शुक्ला ने दिबियापुर के पुलिस बल के साथ बूढ़ादाना में छापेमारी की। यहां पर दो युवक नदीम पुत्र कल्लू निवासी नईबस्ती इटावा एवं बंटी पुत्र लालाराम निवासी मड़नई कहारन इटावा गड़ासे (बड़े चाकू ) के साथ मौजूद थे। खेतों में यह लोग टार्च लगाकर इधर उधर नीलगायों को पकड़ने की फिराक में थे। दोनों आरोपियों के पास एक अदद मारुति कार भी बरामद हुई है। इस गाड़ी के कागजात आरोपी नहीं दिखा सके। थानाध्यक्ष हरपाल सिंह का कहना है कि दोनों नीलगायों का शिकार करने के लिए क्षेत्र में घूम रहे थे। रात्रि के समय खेतों में टार्च जलाने के कारण ग्रामीणों को बदमाशों का आभास हो रहा था।