औरैया। कोचिंग से बाइक पर घर आ रहे दो छात्राें को गुरुवार को जमालशाह तिराहे पर गलत साइड से आ रही मैजिक ने चपेट में ले लिया। दोनों युवक मैजिक के नीचे दब गये। आसपास के लोगाें ने छात्राें को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने घायलों को कानपुर रेफर कर दिया। हादसे से गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया और मैजिक तोड़ डाली। उधर, टक्कर मारने के बाद चालक मैजिक छोड़कर भागने में सफल रहा।
ग्राम बूढ़ादाना भूपेंद्र सिंह पुत्र धर्मेंद्र सिंह भारतीय विद्यालय इंटर कालेज में इंटर का छात्र है। गुरुवार सुबह अपने साथी अमृतपुर निवासी राहुल दुबे पुत्र वीरेंद्र दुबे के साथ बाइक से ओमनगर मोहल्ले में कोचिंग पढ़ने के लिए आया था। वापस लौटते समय जमालशाह तिराहे के पास गलत साइड से आ रही मैजिक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दोनाें छात्र मैजिक के नीचे दब गये। आसपास के लोगाें ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। आनन-फानन में राहगीराें ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद दोनाें घायलाें को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भर्ती कराया। यहां पर डाक्टरों ने उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। वहीं घटना से आक्रोशित लोगाें ने मैजिक की तोड़फोड़ की। साथ ही लोगाें ने पुलिस प्रशासन से अवैध रूप से लगे मैजिक स्टैंड को हटाए जाने की मांग की है। उधर टक्कर मारने के बाद मैजिक चालक मैजिक छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मैजिक को कोतवाली लाकर खड़ा कर दिया।