दिबियापुर/औरैया। कंचौसी से भैंसें लेकर टूंडला गया लोडर चालक एवं उसका भाई वापस लौटते समय जहरखुरानी का शिकार हो गए। लूट को अंजाम देने के बाद जहखुरानियों ने दोनों को कंचौसी मोड़ स्थित मिर्चया ढाबा के पास फेंक दिया और लोडर आगे एक खाई में फेंक दिया। रविवार सुबह ग्रामीणाें की सूचना पर युवकों को गंभीर हालत मे दिबियापुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में ग्राम कनमऊ थाना दिबियापुर निवासी पप्पू उर्फ धर्मेंद्र सिह पुत्र जहान सिंह ने बताया कि शनिवार शाम अपने भाई नितिन सिंह के साथ लोडर से ग्राम बट्टहा गया था। जहां से वह भैंसें लादकर टूंडला गया था। वापस लौटते समय रास्ते में जहर खुरानी गिरोह के सदस्य उसके लोडर में बैठ गये। इसके बाद इन लोगों ने दोनाें भाइयाें को नशीला पदार्थ सुंघा दिया और उनके पास रखे लगभग पांच हजार रुपये लूट लिए। जहरखुरानियों ने दोनों को कंचौसी मोड़ के पास मिर्चया ढाबा के पास फेंक दिया। कुछ दूर बाद लोडर को एक गड्ढे में छोड़कर भाग गये। रविवार सुबह ग्रामीणाें ने दोनाें युवकाें को बेहोशी की हालत में देखा तो वहां हड़कंप मच गया और भीड़ जमा हो गई। इसी बीच किसी ने पप्पू की जेब से मोबाइल निकाल कर फोन मिलाया। सूचना पर पहुंचे परिजनाें ने आनन-फानन में उसे दिबियापुर स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। यहां पर डाक्टरों ने दोनाें भाइयाें को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। होश आने पर उन्हाेंने अपनी आपबीती बताई।