औरैया। माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद की बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन जिला प्रशासन और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से की गईं तैयारियों में खामियां नजर आई। कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी की सूची देर से जारी करने से तैनाती को लेकर वह परेशान रहे। वहीं जोनल, सेक्टर और सचल दल प्रभारियों को सुरक्षा गार्डों की कमी से जूझना पड़ा।
जिले में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को चार जोन और 12 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इन जोन और सेक्टर क्षेत्रों में शांतिपूर्ण, और नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सेक्टर व जोनल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा 113 परीक्षा केंद्रों पर 7 सचल दल विंग अधिकारियों की भी तैनाती की गई है। मंगलवार को देर से मिली परीक्षा ड्यूटी के कारण हौच-पौच की स्थिति बनी रही। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा विंग अधिकारियों को होमगार्ड कैडर के सुरक्षा व्यवस्था प्रदत्त की गई थी। इसके बाद भी विंग अधिकारियों की ओर से सुरक्षा इंतजाम और पुख्ता किए जाने की आवश्यकता जताई गई। इस पर जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम मुहैया कराए जाने की कवायद शुरु कर दी गई है। पहले दिन की परीक्षा मेें विंग अधिकारियों की सुरक्षा में 36 होमगार्ड के जवान तैनात किए गए थे। अब उनकी संख्या बढ़ाकर 46 की जा रही है। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी लालमणि ने बताया कि निष्पक्ष और नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की है। जो भी आवश्यकता होगी उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा।