दिबियापुर ( औरैया )। 26 जनवरी को स्कूल से लौटते वक्त अपह्रत हुए छात्र को फिरोजाबाद से पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने तीन अपहरणकर्ताओं को बाइक के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि गैंग लीडर दो साथियों के साथ फरार हो गया। शनिवार को एसपी संजय कक्कड़ ने सफल पुलिस टीम को पांच हजार रुपए पुरस्कार देने की घोषणा की है।
थाना दिबियापुर में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस उपाधीक्षक औरैया विद्यासागर मिश्र ने बताया कि दौहीं निवासी सुरेश बाबू के 8 वर्षीय पुत्र रामजी का 26 जनवरी को स्कूल से लौटते समय बाइक सवार लोगों ने अपहरण कर लिया था। सुरेश ने दिबियापुर थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया। इस पर एसओ दिबियापुर जितेंद्र सिंह यादव, सर्विलांस सेल प्रभारी मोहम्मद मुस्लिम खां के नेतृत्व में संयुक्त टीम का गठन किया गया। 8 मार्च को मुखबिर ने सूचना दी कि अपह्रत बालक नगला खंगर जनपद फिरोजाबाद के एक मकान में है। दिबियापुर एसओ जितेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह भदौरिया, आरक्षी प्रमलेश कुमार, वीरेश कुमार, रंजीत कुमार, मनोज कुमार, नरेश सिंह, नृपेंद्र प्रताप सिंह के साथ बताए गए पते पर दबिश दी गई। मौके से राजेंद्र पाल पुत्र रामसनेही निवासी नगला बरी थाना नगला खंगर, जसवीर पुत्र ईश्वर दयाल एवं बालकराम पुत्र गंगा सिंह निवासीगण नगला विशुन सिरसागंज फिरोजाबाद को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके का फायदा उठाकर गैंग लीडर अनुज पुत्र अशोक निवासी ग्राम कठफोरी सिरसागंज फिरोजाबाद एवं सुनील पुत्र राजेश्वर निवासी मोहरा फूंफ भिंड भाग जाने में सफल रहे। पूछताछ में अपहरणकर्ताओं ने बताया कि अपहरण और फिरौती का काम करते हैं।
इनसेट
पिता से मांगी थी चार लाख की फिरौती
आरोपियों ने मोबाइल पर सुरेश से चार लाख रुपए की फिरौती मांग की थी। 9 मार्च तक फिरौती की रकम न मिलने पर अपह्रत की हत्या कर शव को कंचौसी स्कूल के सामने फेंक देने की चेतावनी दी थी। सर्विलांस एवं मुखबिर की मदद से अपह्रत की सकुशल बरामदगी की गई। पांचों आरोपियों के खिलाफ फिरौती के लिए अपहरण करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।