औरैया। कुंभ स्नान के लिए ओखला बांध से यमुना में छोड़ा गया पानी किसानों के नुकसान का कारण बन गया। अचानक यमुना का स्तर बढ़ने से आसपास किनारों पर खड़ी तरबूज, खरबूजा व सब्जी की खेती पूरी तरह से बह गई। शेरगढ़ घाट स्थित यमुना नदी में अचानक पानी का सैलाब उमड़ने लगा। यमुना में पानी बढ़ने से लोगों में हलचल मच गई। तेज बहाव के कारण पंद्रह दिन पूर्व रेतीला दिखाई देना वाला स्थान पानी से लबालब भरा दिखाई देने लगा। यमुना किनारे बनी बिसरात से टकराकर पानी कोलाहल करता हुआ निरंतर आगे बढ़ रहा है। यमुना में छोड़े गए इस पानी के सैलाब से यमुना किनारे सब्जी, तरबूज व खरबूजा की खेती पूरी तरह से चौपट हो गई। यमुना जल नियंत्रण विभाग के जेई विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्री पर्व पर इलाहाबाद में होने वाले कुंभ स्नान के मद्देनजर पंद्रह दिन पूर्व ओखला बांध से पानी छोड़ा गया था। उन्होंने बताया कि तेजी से बढ़ा जल का स्तर धीरे-धीरे घट रहा है। जल्द ही जल स्तर सामान्य स्थिति पर आ जाएगा।