फोटो 14एयूआरपी10- खेत लबालब होने पर खेत में धान की बुवाई करते किसान
झमाझम बारिश से झूम उठे किसान
- शनिवार दोपहर तक हुई 30.6 एमएम बारिश
- अगले दो दिन तक जारी रहेगी रिमझिम की झड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। शुक्रवार से शुरू हुई रिमझिम बारिश की झड़ी शनिवार दोपहर तक लगातार चलती रही। लगातार रिमझिम फुहारों की वजह से उमस से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरे खिल उठे। लगातार छिटपुट बारिश होने से धान की रोपाई में किसानों को बड़ी मदद मिलती है। बारिश की इस झड़ी को किसान भगवान का वरदान मान रहे हैं।
शनिवार को सुबह के समय छाए बादलों से बारिश के आसार दिखाई दे रहे थे। दोपहर के समय छाए बादल छट गए और धूप देखने को मिली। दोपहर बाद हुई तेज धूप ने उमस भरी गर्मी का एहसास लोगों को कराया। जो देर शाम तक रहने से लोग परेशान हुए। इधर रात में हुई बारिश से किसान शनिवार को सुबह से ही खेतों में फसल की बुवाई करता दिखा। बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी देखने को मिल रही है। कृषि विशेषज्ञ की माने तो यह बारिश किसानों के लिए मुफीद साबित होगी। खेत लबालब होने से धान के किसानों में खासा जोश दिखाई पड़ रहा है। यह लोग खेतों में धान की बुवाई को लेकर सक्रिय हो गए हैं।