सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर में शनिवार को परिवार नियोजन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में परिवार नियोजन अपनाने वाली महिलाओं की भीड़ उमड़ी। क्षेत्र से 124 महिलाओं ने कैंप में पंजीकरण कराया। तीन सर्जनों ने देर शाम तक 90 महिलाओं के आपरेशन किए। शेष महिलाओं के ऑपरेशन अगले कैंप में किए जाएंगे।
सीएचसी अधीक्षक डा. केबी सिंह ने कहा कि आज देश की सबसे बड़ी समस्या बढ़ती जनसंख्या है। देश में उपलब्ध संसाधन के सापेक्ष जनसंख्या अधिक होने से पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।
उन्होंने लोगों से परिवार नियोजन विधियां अपनाने की सलाह दी। शनिवार को शिविर में सुबह से लाभार्थियों की भीड़ उमड़ने लगी। तीन सर्जन पीयूष तिवारी, डा. जितेंद्र अग्रवाल एवं डा. इंदू बाला ने आपरेशन प्रारंभ किए।
बताया कि एक सर्जन को एक दिन में 30 से अधिक आपरेशन न करने का शासनादेश है। इसलिए आज शनिवार को तीनों सर्जनों द्वारा देर शाम तक 90 आपरेशन किए जाएंगे। पंजीकरण करा चुकी महिलाओं के आपरेशन अगले शिविर में किए जाएंगे।
इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक डा. केबी सिंह के साथ डा. अरुण गुप्ता, डा. अपूर्वा, डा. गरिमा, डा. शशिराज सक्सेना, डा. शाबिया नूर, स्वास्थ्य शिक्षाधिकारी विवेक त्रिवेदी, चीफ फार्मासिस्ट आरके मिश्रा, फार्मासिस्ट आरके गुप्ता, लैब इंचार्ज रत्नेश यादव, हिमांशु चंदन, कुमार गौरव, उमाशंकर, प्रमिला ने व्यवस्थाएं संभालीं।
स्वास्थ्य शिक्षाधिकारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि प्रत्येक लाभार्थी महिला को शासन से 1400 रुपये एवं प्रेरक को 200 रुपये दिए जाएंगे। लाभार्थी को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि उनके खातों में पहुंचेगी।