उरई। शहर के उमरारखेरा व रामनगर बंबी रोड में पानी के किल्लत से जूझ रहे वाशिंदों के लिए अच्छी खबर है। अब जल्द ही इन मोहल्लों में पेयजल संकट दूर किया जाएगा। दोनों ही मोहल्लों में जिला योजना के बजट से एक-एक नलकूप लगाया जाएगा। जिससे इन नलकूपों का सीधा लाभ स्थानीय बाशिंदों को मिल सके, इसके लिए नलकूपों से सीधे ही मोहल्ले में सप्लाई देने की योजना बनाई गई है। पालिका व जल निगम की टीमों ने दोनों नलकूपों के लिए जगह का चयन कर लिया है। जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बताते चलें कि जिले में गर्मी शुरू होते ही बूंद-बूंद पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। स्थिति यह है कि शहर मुख्यालय पर भी दर्जनों ऐसे मोहल्ले है जहां लोगों को पीने के पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। कई बार इन मोहल्लों के बाशिंदे पानी की मांग को लेकर डीएम की चौखट तक पहुंच चुके है, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला। शहर में सबसे ज्यादा किल्लत उमराखेरा व बंबी रोड के क्षेत्र में है।
इसको देखते हुए जिला योजना की बैठक में उन दोनों मोहल्लों में नलकूप लगाकर सीधे सप्लाई देने की योजना बनाई गई। जिला योजना से हरी झंडी मिलते ही नगर पालिका व जल निगम ने दोनों नलकूपों के लिए जगहों की चयन प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया। जल निगम के जेई हिमांशु ने बताया कि दोनों ही जगहों का चयन कर लिया गया है।
इसमें से राम नगर में रामलीला मैदान के आगे बंबी रोड पर जगह का चयन किया गया है वहीं उमरारखेरा में हुल्की माता मंदिर के पास। दोनों जगहों का सर्वे भी पूर्ण किया जा चुका है जल्द ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। जिससे कि लोगों को सीधे नलकूप से सप्लाई दी जा सके और शहर में पानी की किल्लत को कुछ कम किया जा सके।
- शहर के उमराखेरा व रामनगर बंबी रोड पर जगह का चयन
- करीब 30 लाख रुपये की लागत का है प्रोजेक्ट
अमर उजाला ब्यूरो