औरैया। शहर समेत ककोर के चार केंद्रों पर रविवार को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया गया जिसमें 75 फीसदी बच्चे उपस्थित रहे। चारों केंद्रों पर पंजीकृत 1843 बच्चों के सापेक्ष 1390 ने परीक्षा दी जबकि 453 बच्चे अनुपस्थित रहे। उधर परीक्षा को लेकर स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत केंद्र व्यवस्थापक पूरे दिन निगरानी करते रहे। डीआईओएस कार्यालय से भी परीक्षा की निगरानी की गई।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा-2025 को लेकर इस बार जिले में कक्षा छह से आठ तक के कुल 1843 बच्चों ने आवेदन किए थे। इस परीक्षा को पास करने वाले मेधावियों को सरकार की ओर से आगे की पढ़ाई को लेकर छात्रवृत्ति मुहैया कराई जाएगी। जिले में इस परीक्षा को लेकर चार केंद्र बनाए गए थे। जिनमें शहर के तिलक इंटर कॉलेज, नगर पालिका इंटर कॉलेज, चौ. विशंभर सिंह भारतीय विद्यालय व जनता इंटर कॉलेज ककोर बुजुर्ग शामिल रहे।
सुबह से ही इन केंद्रों के बाहर बच्चों व उनके परिजनों का जमावड़ा लग गया। बारी-बारी चेकिंग के बाद एक-एक बच्चों के परीक्षा केंद्र में दाखिल कराया गया। इसके बाद विधिविधान से परीक्षा संपन्न कराई गई। डीआईओएस प्रदीप कुमार मौर्य ने बताया कि चार केंद्रों पर शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा संपन्न हुई है। कुल पंजीकरण के सापेक्ष 75 फीसदी बच्चों ने परीक्षा दी है।
परीक्षा केंद्र पंजीकृत छात्र उपस्थित अनुपस्थित
तिलक इंटर कॉलेज औरैया 550 416 134
नगर पालिका इंटर कॉलेज औरैया 400 288 112
चौ. विशंभर सिंह भारतीय विद्यालय 500 397 103
जनता इंटर कॉलेज ककोर बुजुर्ग 393 289 104
कुल योग 1843 1390 453