बिधूना। बदलते मौसम में बीमारियां एकाएक बढ़ रही हैं। इन दिनों वायरल बुखार, पेट दर्द, जुकाम व त्वचा रोगियों की संख्या बढ़ी है। पिछले एक महीने में 7478 मरीज पंजीकृत हुए हैं।
बुधवार को 340 मरीज इलाज कराने आए। डॉक्टर ने उपचार कर उन्हें दवाइयां दीं। रुक-रुककर हो रही बारिश के बाद तेज धूप निकल रही है। इससे उमस भरी गर्मी बढ़ रही है। इस बदलते मौसम का सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। सरकारी व निजी अस्पतालों में मरीजों की लंबी कतार लग रही है।
बुधवार को सीएचसी में 340 मरीजों ने इलाज के लिए पंजीकरण कराया। अस्पताल रिकॉर्ड के मुताबिक 21 जुलाई से लेकर 20 अगस्त तक 7478 मरीजों ने पंजीकरण कराया है। इन मरीजों में सबसे ज्यादा संख्या वायरल बुखार, पेट दर्द, खुजली, सर्दी व जुकाम के मरीजों की है। छोटे बच्चे भी बुखार से पीड़ित हो रहे हैं।
डॉक्टरों की मानें तो बारिश के बाद उमस के कारण संक्रमण तेजी से फैल रहा है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कृपाराम ने बताया कि बच्चों में वायरल बुखार और डायरिया के मामले ज्यादा आ रहे हैं। बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता पर असर पड़ रहा है।
अधीक्षक डॉ. वीपी शाक्य ने बताया कि बच्चों में वायरल बुखार, उल्टी व दस्त के मामले बढ़े हैं। महिलाएं त्वचा रोग और बदन दर्द से परेशान हैं। जबकि बुजुर्गों को सांस लेने में तकलीफ, थकान और सिरदर्द की शिकायत है। युवक-युवतियां भी तेज धूप और उमस से सिर दर्द व चक्कर की समस्या लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।