औरैया। थाना क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रैक्टर खड्ड में गिर गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर निवासी विनोद कुमार पुत्र जिलेदार सिंह यादव ट्रैक्टर लेकर खेत पर जा रहा था। अभी वह गांव के बाहर पहुंचा ही था कि तभी अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रैक्टर खड्ड में पलट गया और उसके नीचे दबकर विनोद की मौत हो गई। इधर घटना की जानकारी पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के भाई सुखवीर यादव ने बताया कि उसका भाई खेत पर जुताई करने जा रहा था। अज्ञात वाहन की टक्कर से टैक्टर खड्ड में पलटा। ग्राम प्रधान इंद्रवेश यादव उर्फ गुड्डा यादव ने बताया कि मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। वह किसी तरह अपने व अपने परिवार का गुजारा करता था। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को देते हुए मृतक के परिवारीजनों को आर्थिक मदद दिलाए जाने की मांग की। चौकी प्रभारी उमरैन कालीचरन कुशवाहा ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।