मुहम्मदाबाद। गड्ढों की भरमार वाले उरई-राठ मार्ग पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और गड्ढों के किनारे खड़े होकर इलाकाई लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके कुछ देर बाद ही पीडब्लूडी अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग के गड्ढों का निरीक्षण किया। अधिशाषी अभियंता अनिल कुमार का कहना है कि शुक्रवार से गड्ढों को भरवाने का काम शुरू करा दिया जाएगा। वैसे बारिश के बाद मार्ग निर्माण का दोबारा से स्टीमेट बनाकर शासन को भेजा जा सकता है।
बता दें कि दो सालों से करीब 22 किमी का उरई राठ मार्ग करीब 12 किमी तक आधा अधूरा बना पड़ा है। इससे उरई और मुहाना के बीच रोड पर बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं। जिनके कारण आएदिन हादसे होते रहते हैं। बुधवार को भी सवारियों से भरी राठ से उरई की ओर आ रही प्राइवेट बस गड्ढों के कारण ही खंदक में पलट गई थी। जिससे बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए थे।
अमर उजाला ने सड़क की दुर्दशा और हादसे की खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। बस पलटने की घटना से आक्रोशित लोगों ने गुरुवार सुबह मुहम्मदाबाद, मुहाना और डकोर के पास गड्ढों के समीप खड़े होकर प्रदर्शन किया। ग्रामीण देवेंद्र, प्रभाकर, चंदन, रईश, पंकज और अशोक शिवहरे आदि का कहना है कि सपा सरकार के जाते ही काम बंद पड़ा है। तब से एक गिट्टी तक अधूरे हाईवे पर नहीं डाली गई है।
रोड की सारी पुलिया भी ध्वस्त हो गई है। ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से तालाबनुमा गड्ढों से पूरी सड़क पटी पड़ी है। किसी भी दिन बुधवार से बड़ा हादसा रोड पर हो सकता है। फिर भी प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। दूसरी ओर मामले की गंभीरता को देखते हुए दोपहर के वक्त अधिशाषी अभियंता की अगुवाई में एई वीरेंद्र कुमार और जेई आरके द्विवेदी की टीम उरई-राठ मार्ग पहुंची और गड्ढों का निरीक्षण किया।
अधिशाषी अभियंता का कहना है कि फिलहाल राहत के लिए पहले गड्ढों को भराया जाएगा, ताकि बरसात के दिनों में कोई हादसा न हो सके। इसके बाद मार्ग का अधूरा काम पूरा कराने का भी प्रयास शुरू किया जाएगा। टीम के अधिकारी इलाकाई लोगों से मिले और उनसे गड्ढे भरवाने के काम में सहयोग करने की अपील भी की।
बुधवार को उरई-राठ मार्ग पर पलटी थी बस, अफसर बोले, आज से भरे जाएंगे गड्ढे
अमर उजाला ब्यूरो