उरई। मंगलवार से विश्वविद्यालय की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं को भी पूरी तरह से नकल विहीन बनाने के लिए कमर कस ली गई है। जिन कालेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, उनके प्रबंधक और प्रबंध समिति के सदस्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वह परीक्षा के दौरान केंद्र से 200 मीटर की दूरी पर ही रहेंगे। इसके अलावा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के साथ-साथ पर्याप्त पुलिस बल भी मौजूद रहेगा। तैयारियों का जायजा लेने के लिए कुलसचिव सीपी तिवारी ने सोमवार को जनपद के पांच केंद्रों का निरीक्षण भी किया।
बता दें कि मंगलवार से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए जनपद में कुल 60 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें 55,466 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। हाल ही हुई बोर्ड परीक्षाओं में नकल पर इस कदर सख्ती रही कि तीन लाख से भी अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा देने से ही तौबा कर ली थी। विश्वविद्यालय से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि ऐसी ही सख्ती इन परीक्षाओं में भी दिखाई देगी।
हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के अलावा पुलिस बल भी मौजूद रहेगा। पूरे जनपद के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रत्येक तहसील की जिम्मेदारी अलग अलग बनाए गए पर्यवेक्षकों के कंधों पर होगी। उड़नदस्तों की टीमें संवेदन और अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों में बैठकर परीक्षा संपन्न कराएंगी। कुलसचिव सीपी तिवारी ने बताया कि प्रबंधक और प्रबंध समिति को नकल विहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्हें झांसी, ललितपुर और जालौन जनपद की जिम्मेदारी मिली है। लिहाजा इन तीनों जिलों में यूनिवर्सिटी की सीधी नजर रहेगी। केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी झांसी में बने कंट्रोल रूम से देखे जाएंगे। नकल कराने का प्रयास करने वाले सीधे जेल भेजे जाएंगे। दूसरी ओर परीक्षाओं को सकुशल कराने के लिए सोमवार को पूरे दिन कालेजों में सीटिंग प्लान और सीसीटीवी कैमरे चेक किए जाते रहे हैं।
ब्लैक बोर्ड की पुताई की गई और परीक्षार्थियों के रोल नंबरों की सूची भी चस्पा की गई। विश्वविद्यालय के स्पष्ट निर्देश है कि परीक्षा केंद्रों में तैनात तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मियों के पास भी उनके आई कार्ड होने चाहिए। बिना कार्ड ड्यूटी करते पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बोलकर नकल न कराई जा सके, इसके लिए ऑडियो से लैस सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उक्त कैमरे केंद्र के गेट से लेकर प्रत्येक कक्ष और हाल में काम करेंगे। बता दें कि पिछली मर्तबा कई केंद्रों में बोलकर नकल कराए जाने की भी शिकायत मिली थी।
विश्वविद्यालय परीक्षा आज से, केंद्र से 200 मीटर दूर रहेंगे प्रबंधक व सदस्य
अमर उजाला ब्यूरो