अमर उजाला ब्यूरो
औरैया।
निकाय चुनाव के तीसरे चरण का चुनाव प्रसार सोमवार की शाम को थम जाएगा। इसके बाद प्रचार प्रसार करने वालों पर आयोग कार्रवाई करेगा। वहीं, गैर जनपद से आए चुनाव प्रचार में लगे लोगों को रात में ही जिला छोड़ना होगा। मतदान के दिन बाहरी लोगों के मिलने पर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 28 नवंबर मंगलवार को ककोर जिला मुख्यालय से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा।
निकाय चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही शुरू हुए चुनाव प्रचार अपने अंतिम दिन में पूरे शबाब पर आ गया है। जिले में तीसरे चरण में 29 नवंबर को मतदान है। इसलिए 27 नवंबर को जिले में चुनाव प्रचार थम जाएगा। जिस कारण कोई भी प्रचार प्रसार व जनसंपर्क नही कर सकता है। ऐसा करने पर रिपोर्ट दर्ज होगी।
वहीं चुनाव प्रचार में कई बाहरी लोग है जिनमें प्रत्याशियों के नाते रिश्तेदार भी है। उन्हें रात में ही जिला छोड़ना होगा। 29 नवंबर को मतदान के दिन क्षेत्र में अगर कोई बाहरी मिला तो कार्रवाई होगी। वहीं, एसपी ने 28 नवंबर को जिले के सभी होटलों व ढाबों को चेक करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मंगलवार को ककोर स्थित जिला मुख्यालय से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दी जाएगी।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी रामसेवक द्विवेदी ने बताया कि आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। गड़बड़ी मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी।