औरैया। बिजली उप केंद्रों का नाम रविवार से विद्युत उपभोक्ता सेवा केंद्र कर दिया गया है। इन केंद्रों पर उपभोक्ताओं की समस्याओं को एक ही स्थान पर निस्तारित किए जाने के भी आदेश दिए गए हैं।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड आगरा के एमडी एसके वर्मा की ओर से लगभग एक सप्ताह पहले बिजली उपकेंद्रों के नाम बदलकर विद्युत उपभोक्ता सेवा केंद्र किए जाने की बात कही गई थी। इसमें रविवार से काम शुरू कर दिया गया। अधीक्षण अभियंता अनूप चंद्र ने बताया कि केंद्रों पर बिजली उपकेंद्र के स्थान पर विद्युत उपभोक्ता सेवा केंद्र लिखाए जाने का काम शुरू कर दिया गया। शुरुआत में औरैया एक नंबर व दो नंबर पर ऐसा किया गया है। नाम बदलने के साथ ही उपभोक्ताओं के लिए शीतल पेयजल, बैठने का इंतजाम व बिल संबंधी सभी समस्याएं एक ही स्थान पर निस्तारित कराए जाने की व्यवस्था भी कराई जा रही है। अब उपभोक्ताओं को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिल पाएंगी।
एक नंबर बिजली केंद्र पर बनाए गए कंट्रोल रूम पर अभी भी विद्युत उपकेंद्र लिखा हुआ है। केंद्र के अंदर ऊपर बनी इमारत पर लिखा गया नया नाम आम उपभोक्ताओं की नजर से काफी दूर है। इससे एमडी के आदेश के पालन में मुख्य गेट पर दूर-दूर तक बदला हुआ नाम नजर नहीं आ रहा है।