औरैया। डीएम के निर्देश पर ड्रग इंस्पेक्टर मुकेश पॉलीवाल ने दिबियापुर क्षेत्र में ककराही पुलिया स्थित न्यू पाल मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकान मालिक अशोक कुमार मौके पर मौजूद मिले। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान फर्म के क्रय-विक्रय बिलों का रख रखाव ठीक नहीं पाया गया।
फार्मासिस्ट भी अनुपस्थित मिला। मौके से उन्होंने उक्त मेडिकल स्टोर से कमजोरी तथा सांस की दवा डीडॅान ओएस 0.5 एमजी का नमूना लिया। इसके पश्चात उन्होंने सुधीर मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। जहां दुकान पर मेडिकल स्टोर संचालक सुधीर कुमार उपस्थित मिले। क्रय-विक्रय के बिलों का यहां पर भी रख रखाव ठीक नहीं पाया गया। साफ-सफाई में भी कमी पाई गई। उन्होंने बताया कि उक्त दोनों मेडिकल स्टोरों के निरीक्षण की आख्या सहायक आयुक्त औषधि कानपुर मंडल को भेज दी गई है। साथ ही सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा गया है। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि वह नियम विरुद्ध दवाइयों की बिक्री करने का बिल्कुल प्रयास न करें। निरीक्षण में खामी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-क्रय-विक्रय बिलों का रखरखाव ठीक नहीं पाया गया
अमर उजाला ब्यूरो