अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। एंटी भू माफिया टीम ने अभियान चलाकर ग्राम चमरौआ, द्वारिकापुर फफूंद में जेसीबी से अवैध निर्माण गिरा दिया। हिदायत दी कि यदि अगली बार निरीक्षण में अतिक्रमण मिला तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम राजेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ गांव चमरौआ में गाटा संख्या 112 की .0121 पर अवैध रूप से फूस आदि की झोपड़ी व आधा सैकड़ा खूंटों को उखाड़ दिया। इसी तरह नायब तहसीलदार निधि पांडेय ने पुलिस बल के साथ द्वारिकापुर फफूंद में स्थित तालाब पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर बनाए गए शौचालय, फूस की झोपड़ी आदि को गिरा दिया।
एसडीएम राजेंद्र सिंह ने बताया कि डीएम के निर्देशन पर एंटी भू माफिया अभियान चलाया जा रहा है। तालाब पर किए गए कब्जे को हटवाया गया। राजस्व विभाग के एंटी भू माफिया टीम ने ब्लॉक भाग्यनगर की ग्राम पंचायत सिंगलामऊ के मजरा ग्राम द्वारिकापुर में तालाब की भूमि को नाप कर भू माफिया द्वारा किए गए अतिक्रमण को कब्जा मुक्त कराया गया। यहां तालाब के किनारे कई लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर शौचालय, भूसे की बिठईयाँ आदि बना ली थीं। तालाब के किनारे बने शौचालय सुखलाल पाल व नाथूराम दोहरे के तुड़वाए गए तथा तालाब के किनारेे जागेश्वर ने बनाए गए मकान को हटाने के लिए एक माह का समय दिया गया।
इस मौके पर कानूनगो प्रशांत शुक्ला, लेखपाल यशोध्यान पाल, शैलेंद्र वर्मा ,ग्राम पंचायत अधिकारी सुरेश चंद्र, प्रधान पति सूरज दोहरे, एसआई चंद्रिका प्रसाद, एसआई राम प्रकाश, सरनाम सिंह, हरेंद्र सिंह आदि रहे।