मुहम्मदाबाद। गांव की पानी की टंकी के पास लगे 250 केवी के विद्युत ट्रांसफार्मर में शुक्रवार रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग भयावह हो गई और ट्रांसफार्मर जल कर राख हो गया। जिससे पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। गांव में रातभर अंधेरा छाया रहा। वहीं सुबह गांव में पेयजल के लिए परेशान होना पड़ा तो गांव के सरकारी नलों में भीड़ नजर आई।
मुहम्मदाबाद गांव में स्थित पानी की टंकी के पास रखे 250 केवी के विद्युत ट्रांसफार्मर में शुक्रवार रात आग लग गई। जिससे ट्रांसफार्मर व केबिल पूरी तरह जल गईं। ट्रांसफार्मर के जलते ही पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई। गांव के इस्लाम खां, राजाबाबू तिवारी, अबू तालिब, प्रेमनारायण, विनय, दिलीप, विक्रम राजपूत आदि का आरोप है कि विभाग की लापरवाही से ट्रांसफार्मर में आग गई।
ट्रांसफार्मर में दो दिन से धुआं उठ रहा था। जिसकी सूचना विभाग को दी गई थी, लेकिन फिर भी किसी ने ट्रांसफार्मर को ठीक करने की जहमत नहीं उठाई। जिससे ट्रांसफार्मर में आग लग गई। वहीं आग के बाद भी बिजली कर्मचारी अब तक सप्लाई ठीक नहीं कर पाए हैं।
सप्लाई सुचारु न होने से गांव में 24 घंटे से अंधेरा छाया है। सप्लाई न आने से बिजली के साथ साथ ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। सुबह होते ही गांव में पीने के पानी के लिए लोग हैंडपंपों की लाइन में लगे दिखाई दिए। सप्लाई ठीक न होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। बिजली विभाग के ग्रामीण एसडीओ अभिषेक का कहना है कि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदल कर सप्लाई को सुचारु किया जाएगा।
गांव में रातभर अंधेरा छाया रहा
अमर उजाला ब्यूरो